सिवान :इंटर परीक्षा के छठे दिन चार निष्कासित 156 अनुपस्थित
——————-
– प्रथम पाली में संगीत तथा द्वितीय पाली में भूगोल और बिजनेस स्टडी की परीक्षा ली गई
जासं, सिवान : इंटर परीक्षा के छठे दिन सोमवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां दिन भर विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दौड़ती रही। शनिवार को परीक्षा के पांचवें दिन रसायनशास्त्र विषय के परीक्षा के दौरान एक केंद्र से स्मार्ट वाच से नकल करते एक छात्र को पकड़ा गया था। जिसको लेकर जिले में वह चर्चा का विषय बना हुआ था। इसी कारण सोमवार को सभी 32 केंद्रों पर परीक्षा के दौरान तैनात दंडाधिकारी से लेकर वीक्षक तक सतर्क दिखे। छठे दिन की परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में जिला मुख्यालय के तीन परीक्षा केंद्रों से चार परीक्षार्थियों को निष्कासित कर दिया गया। परीक्षार्थियों को इस्लामिया इंटर कॉलेज से एक, इस्लामिया हाई स्कूल से दो एवं गया दास हाई स्कूल से एक को निष्कासित किया गया। निष्कासित छात्र या उनके अभिभावकों से जुर्माना राशि की वसूली की गई। सोमवार को छठे दिन की परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण का माहौल कायम रहा। परीक्षा केंद्र पर तैनात जवानों की सतर्कता के कारण लोगों की भीड़ केंद्र के बाहर नहीं दिखी। सुबह परीक्षा शुरू होने के साथ ही हर एक केंद्र की कड़ी चौकसी शुरू कर दी गई। सुबह दस बजे से ही अधिकारियों के वाहन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। वरीय अधिकारियों के अलावा उड़नदस्ता टीम के अधिकारियों ने सभी केंद्रों की जांच पड़ताल की। सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व ही छात्र-छात्राओं की तलाशी ली गई। छात्राओं की तलाशी के लिए सभी केंद्रों पर महिला शिक्षिका तथा महिला पदाधिकारी की तैनाती की गई थी। बता दें कि पहली पाली में संगीत तथा द्वितीय पाली में भूगोल और बिजनेस स्टडी की परीक्षा संपन्न हुई। पहली पाली में कुल चार हजार 187 परीक्षार्थियों में से चार हजार 102 उपस्थित रहे तथा 85 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में पांच हजार 291 में
से पांच हजार 220 परीक्षार्थी उपस्थित थे तथा 71 अनुपस्थित थे यानी दोनों पालियों को मिलाकर कुल 9 हजार 478 परीक्षार्थियों में से 9 हजार 322 परीक्षार्थी शामिल थे तथा 156 अनुपस्थित थे।
—
सभी केंद्रों पर रही पर्याप्त चौकसी
सभी परीक्षा केंद्रों पर छठे दिन चाक-चौबंद व्यवस्था दिखी। इस दौरान केंद्र पर तैनात जवान चौकस दिखे। यहीं कारण रहा कि केंद्रों के आसपास पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस बल के चौकन्ना रहने के कारण हर एक परीक्षा केंद्र पर शांति का माहौल कायम रहा।
—




Recent Comments