अब वायरल नहीं होगा बिहार बोर्ड का प्रश्न पत्र, परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाने की हो रही तैयारी
रिपोर्ट – सुमित भगत ( सन्नी)

दैनिक खोज खबर प्रादेशिक डेस्क
बिहार बोर्ड की परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र वायल होने की खबरें अब आम हो गई हैं। हर परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र वायरल होने की खबर आती है। कई बार ये खबरें सही भी होती हैं। जिससे छात्रों को काफी परेशानी होती है। सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र वायरल होने से रोकने के लिए बिहार बोर्ड अब परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाने की सोच रहा है।
बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि अगले साल से परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। ऐसा करने से परीक्षा केंद्रों से पेपर वायरल करने पर रोक लग सकेगी। हालांकि इसके लिए सरकार की अनुमति अनिवार्य है, इसलिए इस पर काफी सोच समझकर ही निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन ही प्रश्न पत्र वायरल होने की खबरें सामने आई थी। मंगलवार को इंटरमीडियट की पहली पाली की परीक्षा मंगलवार को सुबह 9.45 बजे से शुरू हुई। प्रशासन की ओर से नकल रोकने के कड़े इंतजाम करने के बाद भी परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद नवादा में सोशल मीडिया पर जीव विज्ञान का पेपर वायरल होने लगा। इसमें आब्जेक्टिव टाइप के सवालों को वायरल किया गया था। पहली पाली की परीक्षा दोपहर एक बजे समाप्त हुई।
इसके बाद जब वायरल सवालों से असली सवाल का मिलान किया गया तो दोनों हुबहू मिले। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर नजर रखने की बात कही गई थी। बावजूद पेपर वायरल हो गया। इस बीच डीएम कौशल कुमार ने शहर के कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक वीडियोग्राफर को चिट देते पकड़ा गया।