सिवान :अपहृत छात्र का शव पहुंचते ही मचा कोहराम, रो-रोकर बुरा हाल

#छात्र फरहान का फाइल फोटो
#प्रवेज़ अख्तर
सिवान
जिले के बड़हरिय थाना क्षेत्र के जलटोलिया गांव में अपहृत छात्र फरहान का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया. विदित हो कि जलटोलिया के ईंट भट्ठा संचालक हबीबुल हसन के पुत्र फरहान का शव पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उसके घर पहुंचा. उसके परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. शव पहुंचते ही करीब दस हजार लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. सबसे बुरा हाल फरहान की मां खुदैजा खातून का था. अपने बेटे की मौत के सदमे को विफल खुदैजा खातून बार-बार बेहोश हो जा रही थीं. वही हाल फरहान के पिता हबीबुल हसन व चाचा इंसाफ अली का था. ग्रामीणों का कहना है कि फरहान सब लोगों का आदर करता था व हमउम्र के बच्चों काफी लोकप्रिय था. ग्रामीण एहसान अली ने बताया कि 25 जनवरी की शाम को भी फरहान स्कूल से आकर घर सामने सड़क पर अपने दोस्तों के साथ खेलने में मग्न था कि अपहर्ताओं ने उसे संभवत: बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया था.पांच भाई-बहनों में फरहान दूसरे नंबर पर था व पूरे मुहल्लावासियों का चहेता था. फरहान की हत्या से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. वहीं ग्रामीणों ने बताया कि उसके चेहरे व गर्दन पर जख्म के निशान हैं. बहरहाल, मासूम की हत्या को लेकर पूरे ग्रामीण मर्माहत हैं व चर्चाओं का बाजार भी गरम है.