जनादेश/अमनौर(सारण)। अमनौर के मनी सिरिसिया गांव में  स्वर्गीय सच्चिदानंद सिंह के पुत्र सुरेंद्र सिंह (55 वर्ष)की मौत होने से नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने थाना का घेराव किया. गुरुवार को मृतक के परिजनों ने शव को थाना  गेट के बाहर एसएच 104 अमनौर- भेल्दी मुख्य पथ पर रखकर सड़क को घंटों जाम रखा. वहीं थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया. सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने थाना परिसर के बाहर टायर जलाकर आगजनी कर रास्ते को पूरी तरह जाम कर दिया . लोगों का आरोप था कि गांव में जहरीली पीने से सुरेन्द्र सिंह की मौत हो गयी. जिसकी सूचना पुलिस को देने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची वहीं उनके शुभचिंतकों द्वारा शव का जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाने लगे. परिजनों ने बताया कि वे मरने से पहले इलाज के दौरान सदर अस्पताल मे बताया था कि उन्होंने शराब पीया था.  जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया जहां चिकित्सा के दौरान उनकी मौत हो गयी.  उनलोगों ने एसपी व डीएम को बुलाने तथा शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हुए थे. हालांकि अमनौर पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन मिलने तथा अवैध शराब के घंघेबाजो के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात पर शांत हुए. पुलिस ने अपने संरक्षण में शव को परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया.