
• बिहार में 150 करोड़ रुपये की वृहद नेत्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना का किया जाएगा विस्तार- गौतम अडानी
• वंचितों के मुफ्त इलाज के लिए अडाणी ने देशभर में 500 करोड़ के व्यक्तिगत सहयोग का लिया संकल्प

दैनिक खोज खबर/दरियापुर/छपरा।अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने रविवार को सारण जिले के दरियापुर प्रखंड अंतर्गत मस्तीचक में ‘सेवा ही साधना है’ के मूलमंत्र के साथ बिहार में 150 करोड़ रुपये की वृहद नेत्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना का भूमि पूजन किया। यह पहल अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से ग्रामीण इलाकों में अत्याधुनिक और किफायती इलाज सुनिश्चित करेगी। कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी और अस्पताल के सीईओ मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद रहे। मस्तीचक में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से ‘अदाणी सेंटर फॉर आई’ (ACE) और ‘अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन’ (ATOM) की स्थापना होगी। इससे हर साल 3.3 लाख आंखों की मुफ्त या किफायती सर्जरी हो सकेगी, जबकि 1,000 स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाने के लिए 10 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
देशभर के लिए 500 करोड़ की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता
गौतम अदाणी ने इस मिशन को देश के अन्य वंचित हिस्सों में ले जाने के लिए 500 करोड़ रुपये के व्यक्तिगत सहयोग की घोषणा की। ‘अदाणी अखंड ज्योति फाउंडेशन’ के तहत इन सभी राष्ट्रीय पहलों पर कुल 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा। इसके अलावा, बिहार के भागलपुर (पीरपैंती) में भी 200 बिस्तरों वाले एक नए अस्पताल की स्थापना की जाएगी।
बिहार की मिट्टी को किया नमन
मस्तीचक स्थित गायत्री शक्तिपीठ पहुंचे गौतम अदाणी ने कहा, “बिहार की पावन धरती पर आकर आत्मीयता का अनुभव हुआ। किसी की आंखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं, बल्कि उसके जीवन में सम्मान और उम्मीद जगाने का पुण्य कार्य है।”
बिहार के विकास में 40 हजार करोड़ का निवेश
यह स्वास्थ्य परियोजना बिहार के प्रति अदाणी समूह की प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जहां समूह का कुल निवेश करीब 40,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इसमें पीरपैंती में 2,400 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट, गया व नालंदा में सिटी गैस नेटवर्क और नवादा व मुजफ्फरपुर में सीमेंट ग्राइंडिंग इकाइयां शामिल हैं।




Recent Comments