
कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण की गति तेज करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाना मुख्य उद्देश्य; एसएसपी
छपरा, 15 जुलाई।
सारण जिले में बेहतर विधि- व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों में अधिक प्रभावशीलता लाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने तीन थानों के थानाध्यक्षों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने तथा योगदान प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार तरैया थाना में अपर थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक (पु.अ.नि.) धीरेन्द्र कुमार को इसुआपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं कोपा थाना के अनुसंधान इकाई में पदस्थापित पु.अ.नि. मुकेश कुमार-1 को खैरा थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार मांझी थाना के अपर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. बिरजू कुमार को सहाजितपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह प्रशासनिक फेरबदल जिले में कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण की गति तेज करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी नवपदस्थापित थानाध्यक्षों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने और कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। नए थानाध्यक्षों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है।




Recent Comments