सारण क्रिकेट प्रीमियर लीग : युवा खिलाड़ियों को मिलेगा सुनहरा मंच

• सारण सांसद श्री रूडी की प्रेरणा से पहली बार सारण क्रिकेट प्रीमियर लीग का आयोजन
• आईपीएल की तर्ज पर सारण जिला के 10 विधानसभा क्षेत्रों की 10 टीमें लेंगी भाग
• छपरा वारियर्स, गरखा राइडर्स, मढ़ौरा ईगल्स, परसा लायंस, सोनपुर किंग्स, अमनौर टाइगर्स जैसी टीमें होंगी आमने-सामने
• 13 वर्ष या उससे ऊपर के खिलाड़ी लीग की वेबसाइट https://www.sclt20.in/ पर करा सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण
• सितम्बर माह में राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में होगा टूर्नामेंट
• वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते सितारे बन सकते हैं आने वाले कल के क्रिकेट चैंपियन
छपरा, मई 2025 । बिहार की धरती आज केवल राजनीति, संस्कृति और बौद्धिक समृद्धि तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब वह खेल के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान गढ़ रही है। बिहार के पटना, राजगीर, बेगूसराय, भागलपुर के साथ साथ दिल्ली में भी खेलो इंडिया के बिहार संभाग का आयोजन हो रहा है। बिहार के विभिन्न जिलों में खेल की अलख जल रही है। इसी कड़ी में अब सारण जिला एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व आयोजन की दहलीज़ पर खड़ा है जिसका नाम है सारण क्रिकेट प्रीमियर लीग।सारण क्रिकेट प्रीमियर लीग टूर्नामेंट का बीजारोपण किया है सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी जी ने, जिनकी दूरदृष्टि और प्रेरणा से इस प्रतियोगिता का स्वरूप आकार ले रहा है। उनका यह प्रयास सारण के उभरते युवाओं को एक सुनहरा मंच प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जहाँ प्रतिभा का चयन नहीं, उसका उत्सव होगा। इसमें छपरा वारियर्स, गरखा राइडर्स, मढ़ौरा ईगल्स, परसा लायंस, सोनपुर किंग्स, अमनौर टाइगर्स जैसी टीमें आमने-सामने होंगी।
इस टूर्नामेंट में सारण जिले की दसों विधानसभा क्षेत्रों के नाम पर दस टीमें मैदान में उतरेंगी, जो क्रिकेट कौशल, टीम भावना और जीत के जज़्बे से परिपूर्ण मुकाबले पेश करेंगी। यह आयोजन न केवल एक खेल प्रतियोगिता है, बल्कि यह सारण के युवाओं के आत्मविश्वास का उत्सव है।
13 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ी ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन कर इस महायज्ञ का हिस्सा बन सकते हैं। टूर्नामेंट सितंबर माह में छपरा स्थित राजेन्द्र स्टेडियम में खेला जाएगा, जहाँ मैदान गूंजेगा छक्कों और चौकों की गूंज से, और दर्शक झूमेंगे क्रिकेट रोमांच की लय पर।
इस पहल की सबसे प्रेरणादायक झलक है वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी, जिन्होंने ग्रामीण पृष्ठभूमि से उठकर क्रिकेट की बारीकियों में महारत हासिल की है और आज इस टूर्नामेंट के माध्यम से आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन रहे हैं।सारण क्रिकेट प्रीमियर लीग केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक क्रांति है – प्रतिभा की, परिश्रम की और पहचान की। यह आयोजन साबित करेगा कि अब बिहार का युवा न केवल देख रहा है सपने, बल्कि उन्हें साकार करने का माद्दा भी रखता है।




Recent Comments