सड़क दुर्घटना में चालक की मौत, परिजनों में कोहराम

भेल्दी/मढ़ौरा। भेल्दी -छपरा रेवा एनएच- 722 स्थित भेल्दी थाने के कटसा पुल पर गुरुवार की देर रात डिवाइडर से टकराकर एक बोलेरो चालक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मढ़ौरा थाने के पकहां गांव के स्टेशन रोड निवासी सुनील उपाध्याय के पुत्र राहुल कुमार उपाध्याय बताया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक राहुल उपाध्याय छपरा की तरफ से बोलेरो को लेकर सूतिहार जा रहे थे, तभी किसी वाहन से बचने के दौरान बोलेरो नदी पर बने पुल के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों द्वारा सड़क दुर्घटना की जानकारी भेल्दी थानाध्यक्ष संतोष कुमार को मिली तब थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच काफी मशक्कत से चालक राहुल को बोलेरो से निकालकर गरखा सीएससी ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत राहुल के पास से पुलिस को आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर रात्रि में ही मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया,जहां से पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

राहुल की फाइल फोटो

शव घर पहुंचते मचा कोहराम:

राहुल की मौत की ख़बर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया था, शुक्रवार की दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों की इस दुखद समाचार सुन भीड़ जमा हो गई। चीख पुकार से उपस्थित लोगों के भी आंखे नम हो गईं। बताया जा रहा है कि पिछले कई सालों से राहुल घर से बाहर ही रहकर अपनी खुद की गाड़ी आर्केस्ट्रा में चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था । चर्चा हैं कि इधर के दिनों में बोलेरो और मैजिक पिकअप खरीदा था और किसी आर्केस्ट्रा में अपनी गाड़ी किराए पर चला रहा था।