सांसद की पहल : दिघवारा पीएचसी का स्थानांतरण रुका,होगा उनयन्न
• राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे ने सांसद को किया आश्वस्त
छपरा (सारण) 20 अगस्त, 2018 । सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी की पहल पर अब दिघवारा बाजार में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थानांतरण दूसरे जगह नहीं होगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यथावत रहेगा। इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने श्री रुडी को आश्वस्त किया है। रविवार को सांसद श्री रुडी से मिलने स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे उनके आवास पर आये थे। इसी दौरान सांसद ने दिघवारा बाजार में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के स्थानांतरण से स्थानीय जनता को होने वाली असुविधा के बारे में बताया और स्वास्थ्य केंद्र को यथावत रखने का आग्रह किया। स्थानीय जनता की मांग पर सांसद श्री रुडी ने पहल करते हुए इस संदर्भ में पूर्व में भी स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा था। स्वास्थ्य मंत्री श्री पांडे ने श्री रुडी को आश्वस्त किया कि पीएचसी को दिघवारा बाजार से ही संचालित किया जायेगा। साथ ही उसके उन्नयन के लिए भी उचित कदम उठाया जायेगा। विदित हो कि दिघवारा बाजार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चलता है। जिसको प्रखंड मुख्यालय स्थित नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया जा रहा था। अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं सारण प्रमंडल के आदेश पर उक्त पीएचसी को नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया जा रहा था। नवनिर्मित भवन जिस स्थान पर था वहां आने जाने की सुविधा नहीं थी और जलजमाव भी था। मरीजों को वहां इलाज के लिए जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। पीएचसी के स्थानांतरण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने विरोध करना शुरू कर दिया था।
अपने संसदीय क्षेत्र परिभ्रमण के दौरान जब सांसद श्री रुडी दिघवारा बाजार पहुंचे थे तो स्थानीय नागरिकों ने पीएचसी को स्थानांतरित करने से उत्पन्न हुई समस्या से उन्हें अवगत कराया और पीएचसी को दिघवारा बाजार के पुराने स्थान पर ही रखने की बात कही। सांसद ने नागरिकों को आश्वस्त किया था कि उनकी मांगो को वो स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंचायेंगे और पीएचसी के स्थानांतरण को रोकने संबंधी कार्रवाई करेंगे। रविवार को जब स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे, सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी के आवास पर पहुंचे तब सांसद ने जनता की उक्त मांग पर उनसे विमर्श करते हुए पीएचसी का स्थानांतरण रोकने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने भी श्री रुडी की मांग पर सहमती जताते हुए उन्हें आश्वस्त किया और पीएचसी को दिघवारा बाजार से ही संचालित करने की बात कही।
इस संदर्भ में सांसद श्री रुडी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा स्थानीय रोगियों के इलाज का मुख्य केंद्र है। यहां दरियापुर, गड़खा, सोनपुर एवं छपरा सदर की कई पंचायतों के अलावा नगर पंचायत दिघवारा के 18 वार्डाे के मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। इसके स्थानांतरण से नागरिकों के लिए एक बहुत बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई थी। अब इस पीएचसी को यथावत रखते हुए रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा।




Recent Comments