सरयू नदी में तेजी से बढ़ रहा पानी, कटाव तेज

#परवेज अख्तर/सिवान;

सिवान : जिले के गुठनी, दरौली, रघुनाथपुर तथा सिसवन में एक सप्ताह से हो
रही बारिश के कारण सरयू नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। कई जगह कटाव होने से
सरयू नदी के किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ गई है। इसको लेकर प्रशासन
अलर्ट हो गया है। गुठनी एवं सिसवन में बांधों तथा लोगों की सुरक्षा
व्यवस्था को ले पदाधिकारियों ने निरीक्षण शुरू कर दिया है। गुठनी प्रखंड
के गोगरा तटबंध की कुल पांच किलोमीटर लंबाई की
सीओ राकेश कुमार, बीडीओ धीरज कुमार दुबे और थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने
गहनता से जांच की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से सरयू नदी का
जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है। उनका कहना है कि नदी में तेज कटाव और मलबा आने
से आसपास के बांधों पर दबाव बन रहा है। प्रखंड के बलुआ, तिरबलुआ,
योगियाडीह, मैरिटार, पांडेयपार, सोहगरा, सोनहुला, श्रीकरपुर सहित दर्जनों
गांवों के पास कटाव और पानी के स्तर की जांच हुई। बाढ़ विभाग से मिली
जानकारी के अनुसार गोगरा तटबंध, ग्यासपुर, तिरबलुआ गांव में सुरक्षा
व्यवस्था के लिए करीब 12 होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। बाढ़ विभाग
के एसडीओ अतुलेश कुमार ने बताया कि बाढ़ विभाग ने पूर्व से ही कई जगहों को
चिह्नित किया है, जहां सरयू नदी का कटाव सबसे ज्यादा होता है। बाढ़ विभाग
से मिली जानकारी के अनुसार सरयू नदी का जलस्तर 59.82 है, जबकि इसका खतरे
का निशान 60.82 है।
बाढ़ विभाग के अनुसार ग्यासपुर बांध पर विपिन प्रसाद, बादशाह सिंह,
सोनहुला बांध पर जनार्दन ओझा, उमाशंकर सिंह, टड़वा में रामशंकर शुक्ल,
भीम यादव, श्रीकलपुर में अशोक शुक्ल की तैनाती की गई है।