
दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखंड मुख्यालय स्थित तरैया बाजार के देवरिया रोड में सोमवार को एक चलती बाइक में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इस हादसे में बाइक चालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। पीड़ित बाइक स्वामी की पहचान स्थानीय राजधानी गांव निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अमन कुमार तरैया बाजार से खरीदारी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान देवरिया रोड में मिडिल स्कूल के पीछे पहुंचते ही बाइक के इंजन से अचानक चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। बाइक को धूं-धूं कर जलता देख चालक अमन ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत गाड़ी से कूद गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बची। चालक के शोर मचाने पर स्थानीय दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपने स्तर से पानी और बालू डालकर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना को लेकर मौके पर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोग क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी को हादसे की वजह मान रहे थे, तो वहीं बाइक मिस्त्रियों के अनुसार वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण ही गाड़ी में इतनी तेजी से आग पकड़ी।




Recent Comments