शहरी आबादी को मिलेगी नई रौशनी, शहरी प्राथमिक केन्द्रों पर नेत्र स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत
👉साइट सेवर्स इंडिया के साथ साझेदारी के तहत की गयी पहल
👉‘अमृता दृष्टि’ के तहत शहरी लोगों को मिलेगी निःशुल्क नेत्र सेवा
👉10 लाख से अधिक लोग होंगे लाभान्वित

पटना (12 सितम्बर) : अब पटना के शहरी लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण नेत्र सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत साइट सेवर्स इंडिया के साथ लोक निजी साझेदारी के तहत ‘अमृता दृष्टि’ के नाम से शहरी प्राथमिक केन्द्रों पर निःशुल्क नेत्र सुविधा प्रदान की जाएगी। इसको लेकर गुरुवार को प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग संजय कुमार ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शास्त्री नगर में ‘अमृता दृष्टि’ की आधिकारिक शुरुआत की।
इस दौरान प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग संजय कुमार ने बताया शहरी आबादी को गुणवत्तापूर्ण नेत्र सुविधा प्रदान करने में ‘अमृता दृष्टि’ बहुत कारगर साबित होगा। पटना जिला के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर पहली बार नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्तर्गत निःशुल्क नेत्र परिक्षण सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। यह नेत्र स्वास्थ्य सेवा ‘अमृता दृष्टि’ नाम से साइट सेवर्स इंडिया के साथ हुई लोक निजी भागीदारी के तहत की जा रही है। साइटसेवर्स इंडिया के सहयोग से अमृता दृष्टि कार्यक्रम पटना जिला के शहरी क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य को बेहतर एवं आमजन मानस तक पहुँचाने एवं अंधापन नियंत्रण में सहायक सिद्ध होगी।
यह सुविधाएं होंगी उपलब्ध: इसके तहत प्रथम चरण में 15 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ओ॰पी॰डी॰ समय में सप्ताह में एक दिन नेत्र सहायक द्वारा नेत्र का परीक्षण/जाँच यथा- दूर दृष्टि दोष, नजदीक दृष्टि दोष, प्रेस बायोपिया, मोतियाबिंद, गुलकोमा, डायबीटिक रेटिनोपैथी एवं अन्य नेत्र संबंधी बिमारियों की पहचान कर इलाज हेतु अस्पतालों में रेफर करने की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के माध्यम से नेत्र स्वास्थ्य सेवा का लाभ 10 लाख से अधिक लोगों को मिलने का अनुमान है।
राज्य में शहरी स्वास्थ्य मिशन की स्थिति : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन सरकार द्वारा संचालित एक महत्वकांक्षी मिशन है। बिहार राज्य में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन ;छन्भ्डद्ध का शुभारंभ जुलाई 2014 में किया गया। इसके अंतर्गत प्रति 50000 की शहरी आबादी पर एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित करने का प्रावधान है। वर्तमान में शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 22 जिला के 25 शहरों में 97 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन किया जा रहा है, जिसमें आम जनमानस एवं वंचित समुदाय को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की सेवाएँ उपलब्ध करायी जा रही है। इससे राज्य के स्वास्थ्य एवं पोषण के विभिन्न सूचकांकों को और बेहतर करने में सहायता मिल रही है।
इस दौरान कार्यपालक निदेशक राज्य स्वास्थ्य समिति मनोज कुमार, मो॰ खालिद अरशद, प्रशासी पदाधिकारी राज्य स्वास्थ्य समिति, डॉ॰ करूणा कुमारी अपर कार्यपालक निदेशक भारत प्रशासनिक सेवा के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।