परवेज़ अख्तर/सिवान। गोपालगंज जिला के मांझा थाना क्षेत्र के धर्मपरसा के समीप धर्मपरसा मेला जुलूस के दौरान रविवार की रात बड़हरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी विपिन गिरि के पुत्र विनय गिरि की आपसी विवाद में चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वहीं उसके साथी माधोपुर निवासी इमाम हुसैन के पुत्र सलमान को बंदमाशों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद बड़हरिया थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त जिशान नाम के युवक को हिरासत में ले लिया लेकिन स्थानीय मुखिया से बांड भरवाकर छोड़ दिए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।आक्रोशितों ने बड़हरिया थाना चौक पर टायर जलाकर कर सिवान-बड़हरिया मुख्य पथ को जाम कर दिया। इस कारण आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आक्रोशित बांड पर छोड़े गए युवक को पुन: पकड़ने की मांग कर रहे थे। इसके बाद मांझा थाना द्वारा जिशान को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर आक्रोशित शांत हुए और सड़क से जाम को हटाया गया।वहीं घटना के बाद मृत विनय गिरि के दरवाजे पर लोगों की काफी भीड़ उमड़ गई। विनय की मां गीता देवी, पिता विपिन गिरि का रो-रो कर बुरा हाल था। बताया जाता है विपिन पुणे में मजदूरी करते हैं और विनय पेट्रोल पंप पर नोजलमैन का काम करता था।




Recent Comments