मांझी में करंट से युवक की मौत,परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
मांझी(सारण) : स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में रविवार की शाम करंट लगने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनबरसा गांव निवासी नरेश राम के मकान के सामने 11 हजार वोल्ट सप्लाई का विद्युत पोल गड़ा है। शाम को उनका पुत्र जितेंन्द्र राम गाय का दूध दुहाने के बाद बछिया को अलग बांधने के लिए जैसे ही पीछे हटा धारा-प्रवाहित पोल के साथ अर्थिंग के सम्पर्क में आ गया। आनन-फानन में लोगों ने उसे किसी तरह बचाया और ईलाज के लिए लेकर स्थानीय पीएचसी पहुंचे। प्राथमिक ऊपचार के बाद डॉक्टरों ने गम्भीरावस्था में सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। जहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में हाहाकार मच गया। शव के पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को जब शव गांव पहुंचा तो उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। माहौल और मातमी हो गया। मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। एक दो माह की बेटी भी है। पिता नरेश राम, माँ फूलमती देवी समेत अन्य परिजनों का जहां रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं पत्नी रीना देवी अपनी दुध-मुँही बेटी को किसी तरह संभाले चीत्कार करती व बार-बार बेसुध हो जा रही थी। पड़ोसी व रिश्तेदार परिजनों को समझाने व सांत्वना देने में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नही है। दूसरी तरफ आकस्मिक घटना के कारण उसकी पत्नी व बच्ची अनाथ हो गई। ग्रामीणों ने आपदा राहत सहित अन्य योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को सहायता की मांग सरकार व प्रशासन से की है।




Recent Comments