मांझी(सारण)। मांझी क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो भी विकास-कार्य हुए हैं वे सारे केन्द्र व राज्य की एनडीए सरकार की नीतियों की देन हैं। मगर स्थानीय विधायक उस विकास को अपने प्रयास का फल बता कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। यानि माल महाराज के और मिर्जा खेले होली। उक्त बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय कार्य समिति किसान मोर्चा के सदस्य शारदानंद सिंह ने एक प्रेस- विज्ञप्ति जारी कर कही है। श्री सिंह ने कहा है कि इधर हमेशा कहीं न कहीं करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों की स्वीकृति की बात कही जा रही है। बरेजा से तीन सम्पर्क पथ, मांझी-सोनबरसा-जैतपुर पथ समेत कई सड़कों की स्वीकृति की बात चर्चा में है। बरेजा के वीर सावलिया व पंडित गिरीश तिवारी, दुधैला के स्वतंत्रता सेनानी शिव प्रसाद सिंह की जयंती या पुण्य-तिथि में क्या वे कभी शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने विकास योजनाओं को धरती पर उतारने व बरेजा को आदर्श ग्राम के रूप में चयनित कर वीरों को सम्मान देने का काम किया है।