मांझी(सारण)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना के शैक्षणिक निदेशक ने मांझी इंटर कॉलेज तदर्थ समिति द्वारा नामित प्राचार्य प्रो हरेन्द्र सिन्हा के स्थान पर वरीय प्राध्यापक प्रो सत्य प्रकाश प्रसाद को प्रभारी प्राचार्य नामित कर दिया है। साथ ही बोर्ड ने शासी निकाय का गठन कर राजेन्द्र कॉलेजिएट छपरा के पूर्व प्राचार्य प्रो राजेन्द्र प्रसाद सिंह को नया अध्यक्ष भी नामित कर दिया है। शुक्रवार को मांझी पहुंचे नव मनोनीत अध्यक्ष श्री सिंह ने मांझी थाना पुलिस की मौजूदगी में प्रो सत्यप्रकाश प्रसाद को प्रभारी प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण कराया। मौके पर कॉलेज के कई शिक्षक व कर्मचारी आदि भी मौजूद थे।
इधर मांझी इंटर कॉलेज अनाधिकृत रूप से बन्द किये जाने से नाराज श्री सिंह ने ताला लगाए जाने के मामले में दोषियों पर कारवाई के लिए बोर्ड को पत्र लिखने की बात कही। मालूम हो कि निवर्तमान प्राचार्य प्रो हरेन्द्र सिन्हा ने एक पत्र जारी कर अनिश्चित काल तक के लिए कॉलेज बन्द कर दिए जाने की घोषणा कर दी थी। इस सूचना के बाद कॉलेज में पठन पाठन को लेकर छात्र चिंतित हो गए थे। श्री सिंह ने कहा कि सोमवार से विद्यालय में पठन पाठन व रजिस्ट्रेशन आदि का काम सुचारू ढंग से चालू हो जाएगा।