मांझी(सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में शुक्रवार को अजीबोगरीब स्थिति उतपन्न हो गई जब मृतक के परिजन विवादित जमीन में शव दफनाने को लेकर अड़ गए और प्रशासन के हटते ही शव को दफनाकर ही दम लिया। इससे पहले स्थानीय माकपा नेता रमेश प्रसाद यादव की शिकायत पर सीओ धनञ्जय कुमार के नेतृत्व में पहुंची मांझी थाना पुलिस ने शव दफनाने से रोकने हेतु मृतक के परिजनों को समझाने बुझाने का भरपूर प्रयास किया। किन्तु मृतक नबी हसन अंसारी 60 वर्ष के परिजन इस बात पर अड़ गए कि मौत से पहले मृतक ने कहा था कि मेरा दाह संस्कार इसी जमीन में करना है। लाख समझाने पर भी परिजन नही माने और प्रशासन के हटते ही आनन फानन में मौलवी ने जनाजा का नमाज पढ़ाकर चंद मिनटों में शव को दफना कर चंपत हो गए। बाद में सीओ धनञ्जय कुमार के निर्देश पर स्थानीय कर्मचारी व चौकीदार के बयान पर मृतक के परिजनों पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। सीओ ने बताया कि शव को जबरन दफन करने के मामले में दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इससे पहले मौके पर पहुंचे पूर्व मुखिया दलन प्रसाद यादव बिनोद मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि ने भी परिजनों को मनाने का प्रयास किया।