मढ़ौरा (सारण). अनुमंडल क्षेत्र में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मढ़ौरा चीनी मिल खेल मैदान में आयोजित अनुमंडल स्तरीय मुख्य राजकीय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इस दौरान एसडीएम निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया.परेड में पुलिस टुकड़ी के साथ-साथ विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. समारोह में ट्राइडेंट स्कूल के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और बिहार गीत के साथ हुआ. परेड उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटूनों को
एसडीएम और डीएसपी द्वारा संयुक्त रूप पुरस्कृत किया गया. आदर्श मध्य विद्यालय मढ़ौरा (गर्ल्स ग्रुप) को प्रथम, ग्लोबल स्कूल एवं ट्राइडेंट स्कूल (संयुक्त रूप से) द्वितीय स्थान एवं हाई स्कूल शिल्हौरी एवं गर्ल्स मिडिल स्कूल मढ़ौरा (संयुक्त रूप से) तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. पुलिस टुकड़ी के परेड में उत्कृष्ट योगदान के लिए मढ़ौरा एसएचओ राजकिशोर प्रसाद और परेड कमांडर राहुल श्रीवास्तव को विशेष सम्मान के लिए संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र दिया गया. क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और चौराहों पर प्रमुख हस्तियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया. मुख्य रूप से अंबेडकर पार्क में विधायक जितेंद्र कुमार राय, नगर परिषद कार्यालय में मुख्य पार्षद रूबी सिंह, अनुमंडलीय अस्पताल: प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार,मढ़ौरा थाना में थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद, मढ़ौरा उच्च विद्यालय में प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद राय, रामजीवन सिंह शहीद स्मारक पर कांग्रेस नेता लालबाबू गिरी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नरहरपुर में प्रधानाचार्य व राजकीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक सूर्यदेव कुमार के अलावा प्रखंड कार्यालय, एसडीएम व डीएसपी आवास, पटेल स्मारक और निबंधन कार्यालय समेत दर्जनों संस्थानों पर भी शान से तिरंगा फहराया गया.