दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
बेतिया। छत पर यात्रियों को बैठाकर यात्रा कराने वाले बस, जीप व टेम्पो चालकों के विरूद्ध मनुआपुल पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर उन्हें ऐसा न करने की हिदायत दी। थानाध्यक्ष निर्भय कुमार राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। जिसमंे यात्रियों की सुरक्षा को ले सावधानी बरतने की हिदायत बस, जीप, टेम्पो के चालकों को दी जा रही है। छत पर बैठे यात्रियों को उतारकर बस के अंदर बैठा उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है। क्योंकि छत पर बैठने के कारण दुर्घटना होने का भय रहता है। लेकिन बस चालक आमदनी के चक्कर में छत पर भी यात्रियों को बैठा ले रहे है। वहीं थाना के समीप दो पहिया व चार पहिया वाहनों की सघन जांच की गयी। जिसमें जमादार रामाशीष यादव के साथ-साथ थाने में तैनात हवलदार व पुलिस के जवान शामिल रहे। वाहनों को रोक कर कागजात व उसमें रखे सामान की जांच की गयी। वहीं बाइक पर चल रहे तीन सवारियों को रोक कर उन्हें ऐसा नहीं करने की हिदायत दी गयी।