दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
चनपटिया। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी नेसात आलम पर जानलेवा हमला करने के मामले में अध्यक्ष सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ है। ईओ की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में नपं अध्यक्ष विमला देवी, उनके पति दीनानाथ जायसवाल, पुत्र राजू जायसवाल, वार्ड पार्षद उपदेश प्रसाद, मनोहर प्रसाद, चंदा देवी तथा संवेदक कृष्णा जायसवाल को आरोपित किया गया है। ईओ के अनुसार बुधवार को संवेदक कृष्णा जायसवाल किसी एग्रीमेंट को लेकर नाजिर अभिषेक मिश्र से बहस करने लगे। इस पर वे बीच बचाव कर संवेदक को अपने कक्ष में ले आए। तभी अध्यक्ष वहां पहुंचीं और उनके शर्ट का कॉलर पकड़ लिया। अध्यक्ष के कहने पर पार्षद उपदेश प्रसाद ने उन्हें घूंसे से मारा जिससे उनके नाक से खून गिरने लगा। विमला देवी ने घटना की वीडियो रिकार्डिंग कर वायरल करने को कहा ताकि लोगों को पता चले कि जनप्रतिनिधियों से टकराने का क्या अंजाम होता है। किसी प्रकार से जान बचा कर ईओ वहां से निकले तो बाहर अध्यक्ष के पति , पुत्र एवं चंदा देवी उन पर पिल पड़े और गाली गलौज की। इसके बाद ईओ भाग कर प्रखंड कार्यालय पहुंचे और अपनी आपबीती उन्हें सुनाई। गुरूवार को ईओ की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गयी। नेसात आलम , ईओ
ईओ ने कहा कि घटना की एफआईआर दर्ज कराने के साथ उन्होंने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी है। उनपर हुए जानलेवा हमले में उनके सीने एवं नाक में गहरी चोट लगी है। बुधवार को उनका इलाज पीएचसी में कराया गया।
विमला देवी अध्यक्ष
अध्यक्ष का कहना है कि पूर्व निर्धारित बैठक को प्रारंभ कराने को कहने वे ईओ के कक्ष में गयी थीं। इस पर ईओ ने कहा कि बैठक स्थगित कर दी गयी है। इसी बात पर विवाद बढ़ा तो ईओ ने गाली गलौज करते हुए उन्हें धक्का दे दिया।