• सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान की तृतीय चक्र का हुआ शुभारंभ
• जिले के छह प्रखंडों में हुई अभियान की शुरूआत
• 1655 बच्चे 158 गर्भवती महिलाओं को लगेगा टीका
छपरा/ 3 फरवरी। बीमारियों के खिलाफ संपूर्ण टीकाकरण सुरक्षा कवच है। बच्चों को बिमारियों से बचाने के लिए टीका लगाना बेहद जरूरी है। संपूर्ण टीकाकरण से ही स्वस्थ बचपन की शुरूआत होगी। बच्चें स्वस्थ रहेंगे तभी बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। बच्चें ही देश के भविष्य है। उक्त बातें सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने सदर अस्पताल में सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत करते हुए कही। इसके पूर्व सीएस ने बच्चों को दवा पिलाकर अभियान की शुरूआत की। डॉ. झा ने कहा यह अभियान विशेष रूप से वैसे बच्चों और गर्भवती माताओं के लिए है, जिनका नियमित टीकाकरण पूर्ण नहीं हुआ हैं या फिर एक भी टीका नहीं लगा है। जिले में 1655 बच्चे व 158 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जायेगा। शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभाग संकल्पित है। अभियान की मॉनीटरिग के लिए दल भी गठित किया गया है। अभियान में आशा, सेविका और एएनएम की भूमिका अहम है। प्रत्येक माह में सात दिन इस कार्यक्रम के तहत टीकाकरण किया जाएगा। इसे मार्च 2020 तक चलाया जाएगा। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा, डीएस डॉ. रामइकबाल प्रसाद, डीपीएम अरविन्द कुमार, डीपीसी रमेश चंद्र प्रसाद, डीएमएनई भानू शर्मा, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. रंजितेष कुमार, यूनिसेफ के एसएमसी आरती त्रिपाठी, हेल्थ मैनेजर राजेश्वर प्रसाद, बंटी कुमार रजक, रवि कुमार समेत अन्य मौजूद थे।
जिले में 225 स्थलों पर होगा टीकाकरण:
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 2.0 का दूसरा चरण जिले के 6 प्रखंडों में चलाया जाएगा। इसके लिए इन प्रखंडों में कुल 225 स्थलों का चयन किया गया है। जहां पर अभियान चलाकर महिलाओं व बच्चों प्रतिरक्षित किया जायेगा।
96 एएनएम को दी गयी जिम्मेदारी:
अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। इसके लिए छह प्रखंडों में 96 एएनएम को कार्य पर लगाया गया है। इसकी मॉनिटिरिंग के लिए प्रखंडस्तर से लेकर जिलास्तर पर टीम बनायी गयी है।अभियान के दौरान टीम फिल्ड विजिट कर निरीक्षण भी करेगी।
इन प्रखंडों में शुरू हुआ अभियान:
जिले के छह ऐसे प्रखंडों को चिन्हित किया गया है जहां पर टीकाकरण का लक्ष्य 80 प्रतिशत से कम है। जिसमें परसा, लहलादपुर, पानापुर, मढौरा, मांझी, मशरख को शामिल किया गया है। जहां पर सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान की शुरूआत की गयी है।
टीकाकरण के पश्चात क्या करें:
• टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक टीकाकरण स्थल पर बैठे।
• एएनएम द्वारा दिये गए टीका व किस बीमारी से बचाव हेतु लगाया गया है उसकी जानकारी प्राप्त करें।
• अपने बच्चे की अगले टीकाकरण की जानकारी भी अवश्य लें।
• टीकाकरण के बाद बच्चे को दर्द बुखार या अन्य लक्षण है तो तुरंत अपने क्षेत्र के आशा व एएनएम से संपर्क करें।
• टीकाकरण कार्ड हमेशा संभालकर रखें। ये आपकी बच्चे के स्वास्थ्य संबंधित जानकारी के लिए जरूरी है।




Recent Comments