बीडीओ ने आठ पंचायत में अधूरे नल जल को लेकर प्राथमिकी के लिए डीएम से मांगा निर्देश


मढ़ौरा, सारण, बिहार ।
सात निश्चय योजना के तहत पंचायतों में वर्षों से चल रहे नल जल योजना के अब तक पूरा नहीं होने पर बीडीओ में सख्ती दिखाया है । बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल ने सोमवार को पत्रांक 707 से सारण डीएम को एक विभागीय पत्र प्रेषित किया है । पत्र में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना में पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, वार्ड सचिव, पंचायत सचिव के द्वारा अभिरुचि नहीं लेने की बात कही है । ऐसी स्थिति में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश भी मांगा है । बीडीओ ने लिखा है की मढ़ौरा प्रखंड के तकनीकी सहायक ने पंचायतों में वार्ड सदस्य और वार्ड सचिव पर पेयजल निश्चय योजना को पूर्ण कराने में अभिरुचि नहीं लेने का प्रतिवेदन दिया है । प्रखंड कार्यालय तथा तकनीकी सहायक के द्वारा कई बार वार्ड सदस्य, वार्ड सचिव, मुखिया तथा पंचायत सचिव को विभिन्न बैठकों एवं पत्रों द्वारा कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया जा चुका है । सभी से स्पष्टीकरण की भी मांग की गई थी परंतु किसी के द्वारा स्पष्टीकरण नहीं दिया गया । लंबित काम को पूरा नही कराया जा रहा है जिसके कारण वार्ड सदस्य, वार्ड सचिव, मुखिया तथा संबंधित पंचायत सचिव पर प्राथमिकी दर्ज कराने की आवश्यकता है ।

वेंडर पर भी प्राथमिकी दर्ज करने की बताई है आवश्यकता

बीडीओ ने डीएम को भेजे अपने पत्र में लिखा है कि वार्ड सदस्य और वार्ड सचिव के द्वारा ठेकेदार को अग्रिम राशि का भुगतान कर दिया गया है । बार-बार निर्देशित करने के बाद भी कार्य बंद है । वेंडर पर भी सरकारी राशि लेकर काम पुरा नही कराने की जानकारी मिली है । ऐसे में संबंधित वेडर पर भी सरकारी राशि के गबन करने का प्राथमिकी दर्ज करने की आवश्यकता है ।