मधेपुर(मधुबनी)। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बिप्राखेमयू का आज पांचवें दिन घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम काफी हंगामेदार साबित हुआ। सैकड़ों की संख्या में आए महिलाएं एवं पुरुषों ने अचानक सीओ कार्यालय पर हमला बोल दिया। सीओ ने कार्यालय कक्ष को अंदर से बंद कर किसी तरह अपने आपको बचाया। हंगामे का कारण था प्रदर्शनकारियों के मैक एवं बाजे का बिजली अचानक से कट जाना। इसी बीच किसी ने यह बात कह दी की सीओ के द्वारा बिजली काट दी गई है। बस फिर क्या था भीड़ एकदम से उत्तेजित होकर सीओ कार्यालय पहुंच गई और हंगामा सुरु कर दिया। इस धरना प्रदर्शन के समर्थन में मधुबनी कांग्रेस जिला कमिटी के जिला उपाध्यक्ष ज्योति झा भी अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। ज्योति झा ने भी सीओ को जमकर कर खड़ी खोटी सुनाया। बिप्राखेमयू के जिलाध्यक्ष रामनारायण यादव ने सीओ के विरुद्ध असंसदीय भाषा का भी इस्तेमाल किया। बाद में सूचना पर मधेपुर थानाध्यक्ष हरी किशोर यादव एवं भेजा थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पूरे दल बल के साथ अंचल कार्यालय पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। धरनाथियों ने अंचल कार्यालय के गेट को बंद कर भी प्रदर्शन किया। बिप्राखेमयू का घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम कर रहे लोगों की मांगों में बाढ़पीड़ित परिवारों को सुपौल व सहरसा जिले के तर्ज पर बाढ़ आपदा जीआर मद के अनुदान राशि का अविलंब भुगतान करने सहित अन्य पांच सूत्री मांगों सामिल है।