
पानापुर (सारण)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विभिन्न राहत शिविरों में रह रहे बच्चों के बीच रविवार को समेकित बाल विकास सेवा परियोजना (आईसीडीएस) के सौजन्य से फल एवं दूध का वितरण किया गया।
सीडीपीओ सुधा कुमारी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों के साथ-साथ राहत शिविरों में शरण लिए छोटे बच्चों को भी सेब, केला एवं दूध उपलब्ध कराया गया। सीडीपीओ ने बताया कि बाढ़ की स्थिति में राहत शिविरों में रह रहे बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों में रहना पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। आंगनबाड़ी सेविकाओं को बच्चों की नियमित निगरानी करने तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
इस मौके पर एलएस प्रीति कुमारी, अणु कुमारी, नीलम कुमारी, सेविका आरती कुमारी, सुनीता देवी, किरण देवी सहित अन्य सेविका एवं सहायिका उपस्थित थी.






Recent Comments