12 लाख की लागत से हुआ निर्माण, आसपास के दर्जनों गांवों के छठ व्रतियों को मिलेगी सुविधा

दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रामपुर नूरनगर पंचायत के बुनियादी विद्यालय पोखरा पर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात मिली है। यहां करीब 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित छठ घाट का उद्घाटन महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने किया। घाट के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।

बुनियादी विद्यालय पोखरा पर छठ महापर्व के दौरान आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। पर्व के दौरान पोखरा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। पोखर के चारों ओर कई घाट पहले से बने थे, लेकिन एक हिस्से में घाट की कमी के कारण व्रतियों को परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने सांसद से इस स्थान पर घाट निर्माण की मांग की थी। सांसद ने ग्रामीणों की मांग को पूरा करते हुए करीब 12 लाख रुपये की लागत से छठ घाट का निर्माण कराया।

उद्घाटन के अवसर पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि छठ केवल पर्व नहीं, बल्कि बिहार की लोक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की पहचान है। छठ व्रतियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

घाट निर्माण के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में काफी सहूलियत होगी। ग्रामीणों के अनुसार, पोखरा के चारों तरफ घाटों के विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने पर यह स्थान जलालपुर प्रखंड के एक आदर्श और मॉडल पोखरा के रूप में पहचान बना सकता है।

कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर जदयू महासचिव मनोज सिंह, जदयू किसान मोर्चा के भोला सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुश पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी दीपू चतुर्वेदी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुड्डू चौधरी, समाजसेवी कुंदन सिंह, मुखिया नागेंद्र मांझी, राहुल सिंह, विजय कुमार सिंह, बिट्टू सिंह, परमेश्वर राय, मनोज राय, धर्मेंद्र राय, आनंद कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।