बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत से परिवार में कोहराम

#तारकेश्वर प्रसाद/दाउदपुर (सारण)। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग (एनएच 531) पर बेलदारी मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह बस की सामने हुई टक्कर में एक बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। मृतक चंदउपुर गांव निवासी स्व. वीरेंद्र सिंह का पुत्र नकुल कुमार सिंह है। घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहीं जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक एक प्राइवेट कम्पनी में कार्यरत था। मंगलवार को वह अपने भाई सुमित कुमार सिंह के साथ पैशन प्रो बाइक से पटना स्थित ऑफिस जा रहा था। जैसे ही वे बेलदारी मोड़ के पास पहुंचे छपरा से सीवान की ओर तेज गति से जा रही बस ने सड़क के किनारे खड़े ट्रक से क्रासिंग लेने के दौरान सामने से आ रही उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें नकुल गम्भीर रूप से घायल हो गया। जबकि सुमित भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सुचना मिलते ही पहुंची दाउदपुर पुलिस ने लोगों के सहयोग से नकुल कुमार सिंह को गम्भीरावस्था में उठा कर एक वाहन से सदर अस्पताल छपरा भेजवाया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी जूही सिंह दो माह के पुत्र को गोद लिए चीत्कार कर उठी। उसे देख दो वर्षीय पुत्री जया भी रोने लगी, माँ कमलावती देवी का भी पुत्र के मौत पर रो-रोकर बुरा हाल था। घटना में बाल-बाल बचा मृतक का भाई बदहवास था। बड़ी संख्या में जुटे पड़ोसी व रिश्तेदार उन्हें समझाने में लगे थे।

पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा तो दरवाजे पर उमड़ी भीड़

पोस्टमार्टम के बाद जब शव मृतक के दरवाजे पर पहुंचा तो देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों के चीख-पुकार से पूरा माहौल एक बार फिर गमगीन हो गया। सबके जुबान पर नेक दिल नकुल के अच्छे स्वभाव की चर्चा थी। लोग भी आह भर रहे थे।