दैनिक खोज खबर/दरियापुर(सारण)। फतेहपुर पंचायत के फतेहपुर भगवानपुर गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जो देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मियों की पहचान मनोज राय, अशोक राय और रणधीर किशोर के रूप में हुई है।घायलों को पहले दरियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक छोटेलाल राय मौके पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।यह घटना अवतार नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में कैंप कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था, जो आज खूनी संघर्ष में बदल गया।