
दैनिक खोज खबर/पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारंभ की घोषणा की। साथ ही मुख्य्मंत्री नीतीश कुमार ने कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का मशाल प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से बिहार के खेल विकास एवं युवाओं के जोश की सराहना की। आयोजन समिति द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी। बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका सुश्री मैथिली ठाकुर ने अपनी गायन की प्रस्तुति और प्रसिद्ध अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने बिहार के गौरवशाली अतीत का वर्णन संगीत के जुगलबंदी के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि इस वर्ष खेलो इंडिया युथ गेम्स का आयोजन बिहार में किया जा रहा है और इसके शुभारम्भ की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वीडियो संदेश के माध्यम से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पधारे केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का भी अभिनंदन एवं स्वागत करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सब जानते हैं कि केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के आयोजन की जिम्मेदारी बिहार को दी गयी है, यह हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 5 जिलों क्रमशः पटना, गया, नालन्दा (राजगीर), भागलपुर एवं बेगूसराय में किया जा रहा है। हाल ही में मैंने पटना, गया एवं राजगीर में खेलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कम्पलेक्स का निर्माण कराया गया है, जहाँ आज यह कार्यक्रम हो रहा है। सभी स्कूलों एवं अन्य जगहों पर खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है। उत्कृष्ट खिलाडियों को मेडल जीतने पर सीधे नौकरी दी जा रही है, इसके तहत अब तक 367 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दे दी गयी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर में खेल अकादमी एवं खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है। खेलों को और बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2024 में नया खेल विभाग बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के वीडियो संदेश के माध्यम से शुभारम्भ की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को पुनः धन्यवाद देता हूँ। इसके साथ ही केन्द्रीय खेल मंत्री एवं इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का भी मैं आभार व्यक्त करता हूँ। इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु केन्द्र एवं राज्य सरकार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूँ। मैं देश के विभिन्न राज्यों से आये सभी खिलाड़ियों को शुभकामनायें देता हूँ।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरूआत के पूर्व पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स मैदान में घूमकर सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।कार्यक्रम में खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया।कार्यक्रम को केन्द्रीय युवा मामले और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ० मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं खेल मंत्री श्री सुरेन्द्र मेहता ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर केन्द्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री डॉ० प्रेम कुमार, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, परिवहन मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरी सहनी, सांसद रविशंकर प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अन्य गणमान्य व्यक्ति, देश के कोने-कोने से आये खिलाड़ीगण एवं प्रशिक्षक उपस्थित थे।
__




Recent Comments