
परसा/मस्तीचक/- दैनिक खोज खबर/- अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के समाज कल्याण विभाग द्वारा एक नई मानवीय पहल की शुरुआत की गई। इस योजना के अंतर्गत COE मस्तीचक सहित दलसिंहसराय, पूर्णिया, बलिया और पटना स्थित हॉस्पिटलों में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद मरीजों को निःशुल्क राशन किट प्रदान किया जा रहा है।
COE मस्तीचक में आज कुल 250 मरीजों की सफलतापूर्वक मोतियाबिंद सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीजों को 10 दिनों का राशन, जिसमें 5 किलोग्राम आटा, 5 किलोग्राम चावल और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है, निःशुल्क वितरित किया गया। यह वितरण स्वयं अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अजीत कुमार पोद्दार के कर-कमलों से किया गया।

बिहार के विभिन्न जिलों से आए मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “बिना कोई खर्च किए हमारी आंखों की रोशनी वापस मिली, अनाज मिला, आने-जाने की सुविधा भी मुफ्त थी। यह हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है।”
समाज कल्याण विभाग के वरीय प्रबंधक श्री अमित कुमार ने जानकारी दी कि यह योजना 31 मई 2025 तक निरंतर जारी रहेगी। यदि मरीजों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो इस योजना को आगे भी विस्तार देने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
यह योजना विशेष रूप से उन दिहाड़ी मजदूरों और रोज़ कमाकर खाने वालों के लिए बनाई गई है, जो ऑपरेशन के बाद कुछ दिन कार्य नहीं कर पाते हैं। ऐसे में यह राशन उनकी सबसे बुनियादी जरूरत—खाद्य सुरक्षा—को पूरा करने में मदद करेगा।
अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की यह पहल न केवल नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी एक अनुकरणीय कदम है।





Recent Comments