आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द लागू करने और पेंशन कम्यूटेशन की अवधि 15 से घटाकर 11 वर्ष करने की मांग:

छपरा, 4 अक्टूबर।
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की छपरा शाखा की बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित पराशर कॉम्प्लेक्स में हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्व मोहन सिंह ने की। इसमें पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर केंद्र सरकार व रेल प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। कार्यकारी अध्यक्ष ओमप्रकाश पराशर ने कहा कि पेंशनर्स के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 18 माह के लंबित डीए एरियर का भुगतान, पेंशन कम्यूटेशन की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने तथा आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को पेंशनर्स के हित में समय से लागू करने की मांग की है।

संयोजक मुद्रिका प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार को जुलाई से बढ़े डीए/डीआर की घोषणा शीघ्र करनी चाहिए। आठवें वेतन आयोग के लागू होने तक कर्मचारियों और पेंशनर्स को अंतरिम राहत दी जाए। साथ ही वेतन में 50 प्रतिशत डीए/डीआर के विलय की मांग भी उठाई। शाखा मंत्री मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की पहल से छपरा शाखा के पेंशनर्स की समस्याओं का लगातार समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने नए पेंशनर्स को संगठन से जोड़ने और सदस्य संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमश: पांच, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन भत्ते की मांग भी रखी।

बैठक में रेलवे अस्पताल में पेंशनर्स को बेहतर इलाज और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। सदस्यों ने संगठन की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया। हाल में रेलवे बोर्ड द्वारा मैनुअल पास जारी करने के आदेश को भी संगठन की एकता की उपलब्धि बताया गया। बैठक में सितंबर और अक्टूबर में जन्मदिन वाले पेंशनर्स को बधाई कार्ड देकर शुभकामनाएं दी गईं। मौके पर सुरेंद्र सिंह, पीके मांझी, अरुण कुमार सिंह, रामानंद महतो, सुधीर कुमार श्रीवास्तव और राजकुमार श्रीवास्तव सहित कई सदस्य मौजूद रहे।