पुलिस के साथ पत्रकार पर भी जानलेवा हमला,पुलिस ने दर्ज कराया मुक़दमा, आरोपी फरार
अदीब जैदी
एटा 6 अप्रैल – जैथरा पुलिस पर अवधपाल ने साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया था । हमले में पुलिस के दारोगा सहित मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं । घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है । पुलिस ने अवधपाल सहित लगभग 2 दर्जन आरोपियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
गौरतलब है कि बुधवार को जैथरा थानाक्षेत्र के ग्राम तरगवां के पास नगला बंजारा में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी । आग इतनी भयंकर थी कि घर से उठी आग ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया था । ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना फायर बिग्रेड व थाना पुलिस को दी,परन्तु काफी समय तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा, जिस पर ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया । गाँव में पुलिस के पहुंचने अवधपाल ने अपने साथियों के साथ उन पर पथराव कर दिया और उनकी लाठी- डंडों से पिटाई कर दी,जिसमें एसएसआई नारायण दत्त तिवारी व मीडियकर्मी शिवस्वरूप वर्मा घायल हो गए । एसएसआई ने मीडियाकर्मी की बाइक से भागकर अपनी जान बचाई । मीडियाकर्मी की बाइक भी तोड़ दी । घायलों का स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया । एसएसआई की तहरीर पर घटना का अभियोग अवधपाल उर्फ़ कल्लन, पप्पू, गबडू पुत्रगण महेंद्र सिंह, नेमसिंह, रामसरन पुत्रगण मिश्री, उमेश पुत्र नत्थू, अवधेश पुत्र दूरबीन, धर्मेंद्र पुत्र राजपाल, भूरे व किशनपाल पुत्रगण कप्तान सिंह, किशनपाल पुत्र बाबू सिंह, नन्हें पुत्र रामलड़ैते निवासीगण तरगवां सहित 8-10 अज्ञातों के विरूद्ध जान से मारने की नीयत से हमला करने सहित अन्य कई संगीन धाराओं में मुक़दमा दर्ज किया गया है ।




Recent Comments