पचरुखी में रुपये ठगी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
✍परवेज अख्तर/सिवान;

सीवान : कागज के नोट का गड्डी थमा रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक पूर्वी चम्पारण जिले के केसरिया थाने के चांदपरसा गांव का नीरज कुमार है। तलाशी के दौरान युवक के पास से पुलिस के नोट की दो गड्डी भी बरामद की है। आरोपित बुधवार की दोपहर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में एक युवक को कागज का गड्डी थमा उसका असली पैसा ठगने के फिराक में था। इसकी भनक पुलिस को लग गई। पूछताछ में युवक ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। तलाशी में युवक के पास से कागज का गड्डी मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इधर, जून माह में बैंक ऑफ इंडिया के कैम्पस में 58 हजार रुपया ठगी की शिकार हुई महिला को युवक के गिरफ्तार होने की भनक लग गई। महिला थाने पहुंचकर आरोपित युवक की पहचान की। कहा कि इसी युवक ने दो माह पहले कागज के नोट का गड्डी थमा रुपये ठगा था। युवक से पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।