पचरुखी में पेंशन की राशि नहीं मिलने से लाभुक परेशान
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के पचरुखी प्रखंड के सैकड़ों पेंशन के लाभुकों की राशि उनके खाते में नहीं जाने से लाभुक परेशान हैं। वे प्रखंड मुख्यालय व अपने पंचायत के जनप्रतिनिधियों के यहां महीनों से चक्कर काट रहे हैं। बावजूद स्थिति जस की तस है। उनके पेंशन की राशि का भुगतान नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं लाभुकों का कहना है कि आखिर किस कारण उनका पेंशन नहीं मिल रहा है यह भी बताने वाला कोई नहीं है। उन्हें संबंधित कर्मियों द्वारा आजकल कह कर वेवजह परेशान किया जाता है। शुक्रवार को अपने पेंशन की राशि नहीं मिलने का वाजिब कारण पूछने पहुंची सुरवाला पंचायत की अनिता कुंवर का कहना था कि जब पेंशन की राशि नगद मिल रही थी उस समय तक हमारे विधवा पेंशन की राशि मिली। लेकिन जब से बैंक खाता में भुगतान किया जा रहा है आवश्यक सभी कागजात जमा करने के बाद भी एक बार भी खाते में पेंशन की राशि नहीं आई है। वहीं पचरुखी पंचायत की वृद्धा पेंशन की लाभुक सायरा खातून व विकलांग पेंशन के लाभुक मूसा मियां का भी यही हाल है। साथ ही लाभुकों का कहना है कि कब तक उनको अपने हक के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ेगा यह भी बताने वाला कोई नहीं है। इस संबंध में बीडीओ डॉ. इस्माईल अंसारी ने बताया कि कुछ लोगों के नाम में गड़बड़ी व कुछ मामले में बैंक की लापरवाही की बात सामने आई। नाम में गड़बड़ी का सुधार किया जा रहा है।




Recent Comments