अभ्यर्थियों को कोरोना गाइडलाइंस का करना होगा पालन

पानापुर(सारण)त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत चौथे चरण में प्रखंड के 345 पदों के लिए होनेवाले चुनावी समर का आगाज शुक्रवार को अधिसूचना जारी होते ही शुरू हो गया ।शनिवार से प्रखंड कार्यालय पर ग्यारह पंचायतों के 343  पदों के लिए नामांकन शुरू हो जाएगा जबकि जिला परिषद के दो पदों के लिए नामांकन अनुमंडल कार्यालय मढ़ौरा में होगा। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राकेश रौशन ने बताया कि पंचायत चुनाव में नामांकन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है ।उन्होंने बताया कि मुखिया ,सरपंच ,बीडीसी एवं पंच पद के नामांकन के लिए एक एक काउंटर बनाया गया है जबकि वार्ड सदस्य पद हेतु दो काउंटर बनाये गये है ।मालूम हो कि प्रखंड में मुखिया एवं सरपंच के ग्यारह ग्यारह पद ,बीडीसी के 15 ,पंच एवं वार्ड सदस्य के 153-153 पद के लिए प्रखंड कार्यालय पर नामांकन होगा जबकि जिला परिषद के दो पदों के लिए नामांकन अनुमंडल कार्यालय मढ़ौरा में होगा ।बीडीओ ने बताया कि प्रत्येक पद के नामांकन हेतु सहायक निर्वाची पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है ।