नव विवाहिता की हत्या कर ससुराल वाले फरार

पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के सतजोड़ा गाईं टोला में शुक्रवार की रात एक नव विवाहित की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद परिवार के सभी सदस्य घर से फरार हैं।घटना की जानकारी शनिवार को सुबह स्थानीय दफादार रामशंकर सिंह ने स्थानीय थाने को दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार मौके पर पहुचे एवं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।मृत महिला सतजोड़ा गाई टोला निवासी प्रदीप कुमार सिंह के पत्नी रौशनी कुमारी उर्फ डाली बताई जाती है। जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के सिधवलिया थानाक्षेत्र के चांद परना गांव निवासी लौलीन सिंह की पुत्री रौशनी कुमारी की शादी नौ माह पहले ही हुई थी।घटना की सूचना पाकर मायके से माता पिता तथा अन्य रिश्तेदार रौशनी का शव देखते हीं बिलख पड़े।प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया लगता है कि रौशनी के मौत के बाद उसके कपड़े बदले गए हैं तथा फर्श की भी साफ सफाई की गई है।घर में बिखरे चुल्हा तथा समान  आदि को देखने से लगता है कि मरने से पहले रौशनी ने काफी संघर्ष किया है।थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी बिन्दुओं पर गहराई से जाँच की जा रही है।