नपं मढ़ौरा के मुख्य व उप-मुख्य पार्षद के अविश्वास पर फैसला के लिये सदन की बैठक 02 जुलाई को आहूत

रिपोर्ट : संजीव कुमार/मढ़ौरा

मढ़ौरा(सारण). नगर पंचायत मढ़ौरा में मुख्य पार्षद और उप-मुख्य पार्षद पर लाये गये अविश्वास प्रस्ताव पर दो जुलाई को विशेष बैठक आयोजित होगी I विशेष बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और अविश्वास को लेकर गुप्त मतदान किया जायेगा I शुक्रवार को मुख्य पार्षद ललन राय ने अविश्वास पर विशेष बैठक की तिथि निर्धारित कर कार्यपालक पदाधिकारी को सभी सदस्यों को नोटिस जारी करने को कहा है I कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने मुख्य पार्षद द्वारा विशेष बैठक की तिथि के निर्धारण की पुष्टि की है I तिथि के निर्धारित के बाद से नपं कार्यालय ने अपनी अग्रेतर कारवाई शुरू कर दी है I

नौ पार्षद ने हस्ताक्षर कर लाया था अविश्वास प्रस्ताव
विपक्ष के तरफ से कुल 16 वार्ड वाले नपं में नौ पार्षद ने अपने हस्ताक्षर से मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन मुख्य पार्षद को सौपा था I हस्ताक्षर करने वालो में राखी कुमारी, मालती देवी, सीता देवी, अमरजीत प्रसाद, गोपाल राम, मनोज कुमार सिंह, गीता देवी, सालू देवी और लक्ष्मी प्रसाद यादव का नाम शामिल था I
सत्ता पक्ष और विपक्ष में शह-मात की रणनीति का चल रहा खेल,विपक्ष ने कहा- पारित होगा अविश्वास
अविश्वास पर विशेष बैठक की तिथि निर्धारित करने के साथ सत्ता पक्ष भी अपनी रणनीति में जुटा है कि अविश्वास का प्रस्ताव विपक्षी एकता को तोड़ खारिज करा दिया जाय I वहीं विपक्ष जो संख्या बल में बहुमत का आंकड़ा 09 की संख्या छू कर अविश्वास लाया है। उस विपक्षी मोर्चा से वार्ड 11के पार्षद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अविश्वास पारित होगा और दोनों मुख्य पद पर नये लोग आयेंगे यह तय है Iइस बार नपं की सरकार निश्चित ही बदलेगी I