परवेज अख्तर/सिवान। नौतन थाना क्षेत्र के हथौजी गांव में मंगलवार की रात दो घरों में हथियार के बल पर बंधक बनाकर बदमाशों ने दो घरों से करीब 25 लाख की समाप्ति की डकैती कर ली। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पहुंचकर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। बदमशों ने सबसे पहले राघव सिंह के घर के छत के सहारे प्रवेश कर हथियार के बल पर सभी मौजूद सदस्यों को बंधक बना लिया। घर में रखे गोदरेज की अलमारी के लाकर को तोड़कर सोने की दस अंगूठी, तीन मंगलसूत्र, दो चेन, पांच कान की बाली टाप्स, एक मांगटीका, पांच जोड़ी पायल, एक टीका तथा एक नथिया और चांदी के वर्तन सेट सहित लगभग बीस लाख की संपत्ति डकैती कर पीछे के रास्ते फरार हो गए। वहीं लगभग चार सौ मीटर दूरी पर स्थित हथौजी गांव के ही सुदामा शर्मा के घर में भी पीछे के रास्ते घर में घुसकर बदमाशों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर गोदरेज की अलमारी एवं बक्से का कब्जा तोड़कर एक हार, एक झुमका, एक मांग टीका, एक सीकरी, एक पायल सहित लगभग छह लाख की संपत्ति डकैती कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना पाकर नौतन पुलिस एवं सदर एसडीपीओ-टू गौरी कुमारी ने पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इसको लेकर राघव सिंह की पत्नी शैल देवी एवं सुदामा शर्मा ने संयुक्त रूप से थाने में आवेदन दिया है। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।