मांझी(सारण) : बुधवार की देर शाम मांझी थाना पुलिस ने जयप्रभा सेतु के बलिया मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन सशस्र अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। वे किसी घटना को अंजाम देने के फि राक में निकले थे। उनके पास से एक देशी लोडेड कट्टा भी पुलिस ने बरामद किया है। गिरफ्तार लोगों में जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी नागेश्वर सिंह का पुत्र मृत्युंजय कुमार, रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताबदियारा के आलेख टोला निवासी मिथिलेश पाठक का पुत्र मनोरंजन कुमार पाठक व गरखा थाना क्षेत्र के जलाल बसंत गांव निवासी अवध किशोर तिवारी का पुत्र मुकेश कुमार तिवारी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान मृत्युंजय कुमार ने बताया है कि वे तीनों दिल्ली में रहते हैं। छपरा शहर का रहने वाला सूर्या राय भी दिल्ली में रहता था। कुछ दिन पहले उसने विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 80 हजार रूपये लिए थे। उसके बाद फरार हो गया। जिसकी तलाश में वे लोग निकले थे। इस बीच बलिया मोड़ पर थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा तथा शिव शंकर दुबे की देख रेख में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बाइक समेत हिरासत में लिए गए तीनों अपराध कर्मियों को जेल भेज दिया गया।




Recent Comments