सोंधी नदी का तटबंध टूटने से मरहा पंचायत के कई गांव जलमग्नमांझी(सारण) । सोंधी नदी का तटबंध टूटने से मरहा पंचायत के कई गांवों में बाढ़ आ गई है। बीती रात नदी की तेज धारा के दबाव के कारण मांझी कोपा मार्ग पर स्थित मरहा पुल के एक तरफ का मुहाना क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उधर कल देर शाम को झगरुआ बांध के टूटने की खबर पाकर देर रात सीओ दिलीप कुमार तथा बीडीओ नील कमल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गुरुवार की सुबह से ही सीओ तथा मुखिया परमहंस साह गोंड़ की देख रेख में ध्वस्त सड़क का एप्रोच मार्ग तथा झगरुआ बांध आदि की मरम्मती की गई। बांध टूटने से मरहा के अलावा सोनबरसा बंगरा तथा मदनसाठ पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। तथा सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई है। इधर लगातार हो रही बारिस से बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों की परेशानी दुगुनी बढ़ गई है।