सारण, तरैया। प्रखंड के विभिन्न गांव में सोमवार को कोविड-19 जांच में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं 91 लोगों ने कोरोना का टीका लिया। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी ने बताया कि सोमवार को 161 लोगों का कोविड-19 का जांच एंटीजन किट से किया गया। जिसमें पोखरेड़ा गांव में तीन एवं हरखपुरा गांव में एक व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी संक्रमित लोगों को आवश्यक दवाओं के साथ होम क्वॉरेंटाइन किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि 18+ आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए तरैया में बनाए गए दो टीकाकरण स्थल पर 26 लोगों तथा 45+ आयु वर्ग के लाभार्थियों ने रेफरल अस्पताल तरैया में टीकाकरण स्थल पर 65 लोगों ने टीका लिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ प्रसाद ने बताया टीका लेने में लोगों को और ज्यादा दिलचस्पी दिखाना चाहिए। सक्रिय होकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर निर्धारित शिड्यूल और स्लॉट के अनुसार टीकाकरण स्थल पर पहुंचकर टीका ले लेना चाहिए। टीका कोरोना से बचाव में कवच का काम करेगा।