डीएम व एसपी ने गाँधीगिरी कर चालकों को किया जागरूक, दिया गुलाब का फूल

दैनिक खोज खबर, छपरा
सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन सारण के डीएम सुब्रत कुमार सेन व एसपी हरकिशोर राय ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर जागरूक किया। इस दौरान डीएम व एसपी ने शहर के थाना चौक पर बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चालकों और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चालकों को गुलाब का फूल दिया और ट्रैफिक नियम का पालन करने का सुझाव दिया।

इसके पूर्व डीएम व एसपी ने सारण समाहरणालय परिसर से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। इस रैली में स्कूली बच्चों के साथ साथ एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। रैली का आयोजन जिला परिवहन कार्यालय द्वारा किया गया था।
इस मौके पर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि आये दिन बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं जिसमे कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। सभी लोगो को सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए सावधानी बरतनी होगी। डीएम ने कहा कि 11 जनवरी से 17 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान लोगो को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम किये जायेंगे।

डीएम ने कहा कि आज जागरूकता रैली के माध्यम से लोगो को जागरूक किया गया है अब विशेष अभियान चलाकर वाहन जांच किया जाएगा।
वही एसपी हरकिशोर राय ने कहा कि सड़क दुर्घटना आज मनुष्य के लिए सबसे बड़ा अभिशाप बन गया है। आये दिन लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा दे रहे हैं वही कई लोग इन सड़क हादसों में अपंग भी हो जा रहे हैं। इन सड़क हादसों से बचाव के लिए ट्रैफिक नियम के प्रति जागरूकता व सड़क पर सावधानी आवश्यक है।
इस जागरूकता अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण, ट्रैफिक डीएसपी, डीपीआरओ आदि उपस्थित थे।




Recent Comments