दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। प्रखंड क्षेत्र की अगहरा पंचायत अंतर्गत शेरपुर गांव में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर 102 जरूरतमंदों के बीच आयुष्मान गोल्डन कार्ड का वितरण किया गया। गोल्डन आयुष्मान कार्ड का वितरण स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी के सौजन्य से किया गया, जिससे क्षेत्र के गरीब परिवारों को मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सकेगा। गांव के सुभाष सिंह के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेपी सेनानी व भाजपा नेता शम्भू प्रसाद सिंह, पप्पू सिंह, आर्य सुमन्त और उदय कुमार सिंह उपस्थित रहे। इन सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को अपने हाथों से गोल्डन कार्ड सौंपे।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। कार्ड मिलने से अब ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस जनकल्याणकारी कार्य के लिए शेरपुर के ग्रामीणों ने स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रति आभार प्रकट किया है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्ड लाभार्थी मौजूद थे।

__