पचरुखी (सिवान)। शुक्रवार की सुबह सिवान जिले के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के नथनपुरा गांव के समीप एसएच 73 पर ट्रक और वैगेन आर की टक्कर हो गयी। इस सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस बाबत जानकारी देते हुए एसआई राहुल भारती ने बताया कि बालू लदी ट्रक तरवारा की ओर से सिवान जा रही थी। तभी नथनपुरा गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही वैगेन आर से टक्कर हो गयी। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक साइकल सवार मजदूर की मौत हो गयी। हालांकि ट्रक व वैगेन आर में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। मजदूर के पैरों को छोड़कर शरीर का बाकी हिस्सा बुरी तरह कुचल गया है। समाचार प्रेषण तक मजदूर की पहचान नहीं हो सकी है।