
सारण/मांझी। शनिवार को भी बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों से प्रवासी मजदूर यूपी की ओर से जयप्रभा सेतु के रास्ते स्थानीय बलिया मोड़ पर पहुंचे। जहां पर सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा उन्हें भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया। फिर कुछ देर आराम करने के बाद वे प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों की सहायता से जिला मुख्यालय पहुंचे। बलिया मोड़ पर बने वाहन कोषांग पर जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ अमरेंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि किसी तरह मांझी पहुंचे प्रवासियों की सुविधा के लिए लगभग दस बसों की व्यवस्था की गई है। जिसमें सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए लोगों को जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। वहीं बलिया मोड़ पर अनवरत प्रवासियों की सेवा में लगे उमेश कुमार सिंह, मनीष सिंह, बिट्टू सिंह, मुकेश सिंह, रंजन सिंह पिंटू सिंह तथा बच्चा साह आदि ने बताया कि दिन और रात मिला कर करीब 4 से 5 हजार से अधिक लोग यूपी से मांझी की सीमा क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। जिनमे महिलाएं, पुरुष व बच्चे भी शामिल हैं। उक्त सेवा केंद्र पर प्रतिदिन करीब 2 हजार लोगों को भोजन, बिस्कुट, पानी आदि की सुविधा प्रदान की जा रही है। स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप समेत कई अन्य लोग भी प्रवासियों की सुविधा का ख्याल रख रहे हैं। तथा जरूरी सामग्री भी उपलब्ध करा रहे हैं।




Recent Comments