दैनिक खोज खबर/छपरा। शहर के दालदली बाजार स्थित शिव वाटिका में पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर आयोजित भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य जलभरी (कलश) यात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 28 मई से शुरू होकर आगामी 5 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक संगीतमय कथा की अमृत वर्षा होगी।

विश्व हिंदू परिषद के धर्म प्रचारक अरुण पुरोहित ने बताया कि इस ज्ञान यज्ञ में वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक उपेंद्र कृष्ण जी महाराज (मुरली वाले बाबा) अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को रसपान कराएंगे। इसके साथ ही, काशी से आए कुशल कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का सजीव मंचन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में जीने की कला और मोक्ष की प्राप्ति के लिए भागवत कथा का श्रवण अत्यंत कल्याणकारी है, और पुरुषोत्तम मास में इसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है। इससे पूर्व, आयोजन के पहले दिन गाजे-बाजे के साथ सैकड़ो महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलश उठाया। यह भव्य कलश यात्रा मोहन नगर, मौना और नीम कटहरी बाग स्थित हनुमान मंदिर में जलभरी और विशेष पूजन के बाद शिव वाटिका पहुंची। यात्रा के दौरान मुख्य यजमान शशि भूषण सर्राफ पवित्र भागवत जी को अपने माथे पर धारण कर चल रहे थे। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गुंजायमान और भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक अनुष्ठान में समाजसेवी अजय सिंह, बजरंग दल के पूर्व संयोजक उपेंद्र श्रीवास्तव, अनिरुद्ध सिंह, राजेश डाबर, हरेंद्र जी, आचार्य गोविंद जी और पंडित श्याम जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय सनातन धर्मावलंबी और प्रबुद्ध जन सम्मिलित हुए।

_