दैनिक खोज खबर मढ़ौरा (सारण)। नगर क्षेत्र के धेनुकी गांव में सेवानिवृत्त सूबेदार परमानंद प्रसाद की तेरहवीं पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वहीं, सारण सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने भी फोन के माध्यम से शोक संतप्त परिवार से बात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। बुधवार को उनके पैतृक आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। मुख्य रूप से पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सीमा भारती, सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रतिनिधि दीपक सिंह, मसरख नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन महतो और मढ़ौरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी सिंह उपस्थित हुए। इनके अलावा रणधीर सिंह, पूर्व अध्यक्ष ललन राय, राजद के युवा प्रवक्ता विश्वजीत चौहान, पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नागेंद्र राय, पूर्व मुख्य पार्षद ललन राय, गामा सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, विष्णु गुप्ता, अनिल शर्मा और वार्ड पार्षद रंजय कुमार गोलू समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।इस दुखद घड़ी में आगत सभी अतिथियों और गणमान्य लोगों को दिवंगत रिटायर्ड सूबेदार के पुत्र व जाने-माने समाजसेवी रमाशंकर प्रसाद उर्फ मिट्ठू ने अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया और इस संबल के लिए आभार जताया।

तीन युद्धों के नायक थे सूबेदार परमानंद:

देश सेवा में उनका योगदान अतुलनीय रहा। दिवंगत रिटायर्ड फौजी परमानंद प्रसाद ने 1960 से 1992 तक कुल 32 वर्षों के अपने सेवाकाल में तीन ऐतिहासिक युद्धों में भाग लिया था। उनके इसी अदम्य साहस और पराक्रम के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था।