
छपरा: वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में शुक्रवार को छपरा में ‘नमामि भारतम्-वन्दे मातरम्’ सामूहिक गायन का भव्य आयोजन किया गया। देशभर में प्रातः 11 बजे एक साथ आयोजित इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत छपरा शहर में देशभक्ति का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। प्रधानाचार्य विनोद कुमार के मार्गदर्शन में शहर के चार प्रमुख स्थलों पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गान हुआ।
कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (दर्शन नगर) में संयोजक राजेश कुमार पाठक, गंगा सिंह महाविद्यालय में आशुतोष कुमार चौधरी, शिल्पी पोखरा केंद्र पर पंकज कुमार और कालीबाड़ी बालिका विद्यालय (दर्शन नगर) में अनिल कुमार आजाद के सहयोग से आयोजन संपन्न हुआ। इन चारों केंद्रों पर आचार्य बंधु-भगिनी, कर्मचारी, विद्यार्थियों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों सहित 1500 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान को व्यापक स्वरूप दिया।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक विजय कुमार सिंह, गंगा सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमेन्द्र कुमार सिंह, कालीबाड़ी विद्यालय के महामंत्री कल्लिल कुमार भट्टाचार्य, सचिव सुभाष चंद्र मित्रा, प्रबंधकारिणी समिति के सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सुरभित दत्त, राहुल कुमार मेहता, रजनीश सुधाकर और दीपमाला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सांस्कृतिक चेतना का संदेश
वक्ताओं ने ‘नमामि भारतम्—वन्दे मातरम्’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन समाज में राष्ट्र के प्रति सम्मान, आपसी एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। अंत में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





Recent Comments