दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मढ़ौरा बाजार में चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक मढ़ौरा खास गांव के मोहम्मद इदरीश मियां का 20 वर्षीय पुत्र सलीम बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार देर शाम को मढ़ौरा सब्जी मंडी के समीप के मार्केट में एक प्रचून दुकान पर काम कर रहे युवक सलीम से कुछ युवकों की विवाद बढ़ गई और बदमाश युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। लोगों ने आनन फानन में स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन घायल युवक की हालत गंभीर देख डाक्टर ने छपरा रेफर कर दिया। जहां पर उसे डॉक्टरों की टीम ने मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक तीन बहनों का एकलौता भाई बताया जा रहा है। इसकी खबर मिलते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन एहतियातन घटना स्थल पर चौकसी बढ़ा दी है। समाचार प्रेषण तक एफआईआर की जानकारी नहीं मिल पाई थी। घटना के बाद से बाजार में दहशत फैला हुआ है। घटना को लेकर अहले सुबह खुलने वाली दुकानें भी शुक्रवार को देर खुली। हालांकि पुलिस प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है।