सोनपुर रेफरल अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से लोगों की बढ़ी परेशानी

दैनिक खोज खबर/सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के गोविंदचक पंचायत में पिछले एक सप्ताह से एक बंदर के आतंक से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बंदर अब तक दर्जनों लोगों को काटकर घायल कर चुका है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
भाजपा जिला मंत्री राजीव कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि बंदर के हमले में गोविंदचक निवासी अनिल कुमार (पिता- प्रभु राय), रामदयाल राय (पिता- बिंदा राय), रहीमपुर निवासी मालती देवी (पति- विदेशी राय), शुगा देवी (पति- लुटन राय) तथा इस्माइलचक निवासी मिथिलेश साह (पिता- मन्नू साह) सहित कई लोग घायल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोनपुर रेफरल अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। मजबूरी में पीड़ितों को निजी मेडिकल दुकानों से ऊंची कीमत पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन खरीदना पड़ रहा है।
राजीव कुमार सिंह ने कहा कि बंदर के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर बंदर को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर इस समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।
वही इस संबंध में वन विभाग के कर्मी विशाल कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि रेस्क्यू चलावा कर जल्द ही जाल या अन्य तरह से बंदर क़ो पकड़ लिया जायेगा।