
दैनिक खोज खबर/मकेर (सारण)। मकेर थाना क्षेत्र के कैतुका नंदन गांव में रविवार को एक पागल सियार ने जमकर आतंक मचाया। सियार ने अलग-अलग समय पर गांव के तीन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, देर शाम ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पागल सियार को मार गिराया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
सुबह 12 वर्षीय बच्चे को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना आज सुबह करीब 8 बजे की है। कैतुका नंदन गांव के रहने वाले चंदन कुमार शर्मा का 12 वर्षीय पुत्र युग कुमार अपने दरवाजे पर मौजूद था। इसी दौरान एक पागल सियार ने अचानक उसपर हमला कर दिया और उसके पैर में अपने दांत गड़ाकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
PHC में वैक्सीन नहीं, बाजार से लगवानी पड़ी दवा
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को इलाज के लिए मकेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे। लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल तब खुली जब अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं मिली। मजबूरन परिजनों को मकेर बाजार से निजी स्तर पर वैक्सीन खरीदकर बच्चे को लगवानी पड़ी, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
दोपहर में दो सगे भाइयों पर हमला
सियार का आतंक यहीं नहीं रुका। दोपहर बाद करीब 3 बजे उसी पागल सियार ने गांव के ही एक अन्य घर को निशाना बनाया। सियार ने दरवाजे पर खड़े दो सगे भाइयों—सियाराम ओझा और बलराम ओझा पर अचानक हमला बोल दिया। सियार ने दोनों भाइयों के पैर में काटकर उन्हें लहुलूहान कर दिया।
ग्रामीणों ने सियार को मार गिराया
लगातार हो रहे हमलों से आक्रोशित और डरे हुए ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाई। आखिरी घटना के तुरंत बाद भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ जुट गए और सियार को घेर लिया। आत्मरक्षार्थ और आगे के खतरे को टालने के लिए ग्रामीणों ने मौके पर ही उस पागल सियार को मार गिराया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।




Recent Comments